जांजगीर-चांपा,
सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान एक ही दिन में 42 मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया। सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार तथा सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना जांजगीर, थाना चांपा एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच की।
अभियान के दौरान कोतवाली जांजगीर पुलिस ने 35 और चांपा थाना पुलिस ने 7 बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलें जब्त कीं। सभी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने वाहन चालकों से कहा है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानक के अनुसार नंबर प्लेट लगाएं, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

