पत्थलगांव (जशपुर), 28 जुलाई 2026।
ग्राम पंचायत सुखरापारा में पंचायत संचालन को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। उपसरपंच देवप्रकाश साहू सहित कई निर्वाचित पंचों ने पत्थलगांव विधायक एवं अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर पंचायत के कार्यों में अनियमितताओं और कथित रूप से सरपंच-पति के हस्तक्षेप की शिकायत की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पंचायत के कई महत्वपूर्ण कार्य पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप नहीं किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ग्राम सभा और नियमित बैठकों का आयोजन नहीं हो रहा है, जबकि कार्यवाही रजिस्टर में बैठक दर्शाए जाने का आरोप है।
पंचों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के चयन में उनकी सहमति नहीं ली गई तथा पंचायत प्रस्ताव के बिना बैंक खाते से राशि निकाले जाने जैसी अनियमितताएं हो रही हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पंचायत की आधिकारिक सील कथित रूप से सरपंच के बजाय उनके पति के पास रहती है और अधिकांश सरकारी कार्यक्रमों में भी वही पंचायत का प्रतिनिधित्व करते हैं।
ज्ञापन में राशन कार्ड के नाम पर ₹300 की कथित वसूली, राशन वितरण में देरी तथा पंचायत भवन में पंचों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं होने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
इस संबंध में ज्ञापन पर उपसरपंच देवप्रकाश साहू सहित अंशुल अग, नन्दकुमार पन्ना, जमुना साहू, संगीता कौशिक, टिलकुंवर, सेवन्ती सिदार, शशि कुमार भगत एवं लाछो बाई सहित अन्य पंचों के हस्ताक्षर हैं।
शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित सरपंच या अन्य पक्ष का जवाब प्राप्त नहीं हो सका है। प्रशासन की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
Tags
जशपुर पत्थलगांव