मिशन जोन-सक्षम दृष्टि’ का आगाज, 7 जोन में बंटी जिम्मेदारी; स्कूलों की हर गतिविधि पर रहेगी सीधी नजर
जिला जांजगीर चांपा
बम्हनीडीह। विकासखंड बम्हनीडीह के स्कूलों में अब शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और प्रशासनिक कसावट और मजबूत होगी। शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, स्कूलों की जमीनी स्थिति की त्वरित जानकारी और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर ‘मिशन जोन-सक्षम दृष्टि’ अभियान का शुभारंभ किया गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी के नेतृत्व में शुरू किए गए इस अभियान के तहत पूरे विकासखंड को 7 जोन में विभाजित कर संकुल समन्वयकों को जोनवार जिम्मेदारी सौंपी गई है। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रत्ना थवाईत एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक हिरेंद्र बेहार के संयुक्त निर्देशानुसार यह व्यवस्था लागू की गई है।
स्कूलों की गतिविधियों पर होगी सीधी नजर
मिशन के तहत जोन सीएसी अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों की नियमित निगरानी करेंगे। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति, विद्यालय की अधोसंरचना, शैक्षणिक गतिविधियों तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा उद्देश्य यह है कि स्कूलों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और आंकड़े समय पर विकासखंड कार्यालय तक पहुंचें और किसी भी समस्या के समाधान में अनावश्यक देरी न हो।
सात जोन, सात जिम्मेदार अधिकारी
बिर्रा जोन की जिम्मेदारी विश्वनाथ कश्यप को दी गई है। इसमें बिर्रा, डीडीएस बिर्रा, सिलादेही, तालदेवरी और सेमरिया संकुल शामिल हैं।
पोंडीशंकर जोन की जिम्मेदारी गोपाल जायसवाल को सौंपी गई है। इस जोन में पोंडीशंकर, करनौद, कपिस्दा, लखुर्री और बम्हनीडीह संकुल शामिल हैं।
भवरेली जोन की जिम्मेदारी संतराम साहू संभालेंगे। इसमें भवरेली, सरवानी, अफरीद, सोंठी, पुछेली और हथनेवरा संकुल शामिल हैं।
चाम्पा जोन की जिम्मेदारी धीरज तम्बोली को दी गई है। नवीन चाम्पा, टाउन चाम्पा, बरपाली चाम्पा और भोजपुर चाम्पा इसके अंतर्गत रहेंगे।
सारागांव जोन की जिम्मेदारी सुरेश देवांगन को मिली है। सारागांव, नवीन सारागांव, नवीन बाराद्वार और चोरिया संकुल इसमें शामिल हैं।
झरना जोन की जिम्मेदारी राजेश कंवर को दी गई है। मौहाडीह, झरना और सरहर संकुल इसके अंतर्गत होंगे।
दारंग जोन की जिम्मेदारी धरम दास मानिकपुरी को सौंपी गई है। दारंग, कड़ारी और लछनपुर संकुल इस जोन में शामिल हैं।
समय पर रिपोर्टिंग, बेहतर होगी व्यवस्था
अधिकारियों ने सभी जोन सीएसी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और निरीक्षण एवं प्रगति से संबंधित रिपोर्ट निर्धारित समय पर विकासखंड कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
‘मिशन जोन-सक्षम दृष्टि’ को बम्हनीडीह की स्कूल व्यवस्था में निगरानी, जवाबदेही और शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे स्कूलों की वास्तविक स्थिति की जानकारी अधिकारियों तक तेजी से पहुंचेगी और जरूरत के मुताबिक तत्काल कार्रवाई का रास्ता भी साफ होगा।

