नशे के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस का महाअभियान, 50 लाख के नशीले सामान को भट्ठी में झोंका

192 किलो गांजा, 22 नशीली सिरप और 8,900 टैबलेट का किया गया नष्टीकरण, PIL प्लांट में पूरी हुई कार्रवाई

जांजगीर-चांपा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थों को औद्योगिक भट्ठी में जलाकर नष्ट कर दिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में 27 नवंबर को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। चांपा के कोटाडबरी स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL) के औद्योगिक प्लांट की भट्ठी में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।

नष्टीकरण में नशे के सामान की भारी मात्रा

कार्रवाई के दौरान कुल 1 क्विंटल 921 किलोग्राम गांजा, 22 नग नशीली सिरप और 8,900 नग नशीली टैबलेट को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया। इन सभी जब्त मादक पदार्थों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस की यह कार्रवाई केवल जब्त सामग्री को नष्ट करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मुहिम का हिस्सा है। पुलिस लगातार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, ताकि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

नष्टीकरण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, SDOP चांपा लौकेश बंसल, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती सीलारानी इक्का, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी, निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे सहित पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस की अपील: आम नागरिक नशे के अवैध कारोबार से दूर रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




Post a Comment

Previous Post Next Post