कोतबा - भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के पावन अवसर पर कोतबा में उनकी स्मृति में निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण अत्यंत गरिमामय एवं भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर विधायक गोमती साय की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गौरव प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। यह क्षण राष्ट्रनिर्माण में अटल जी के अतुलनीय योगदान को स्मरण करने का सशक्त प्रतीक बना।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय जी ने अपने उद्बोधन में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी को “युग पुरुष” बताते हुए कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि ऐसे विचारक और राष्ट्रनायक थे, जिनकी सोच समय से आगे थी। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन राष्ट्रसेवा,सुशासन,लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का अनुपम उदाहरण है। उनके विचार आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुरुचि पैंकरा,नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष,जिला उपाध्यक्ष हेमवती भगत,मंडल अध्यक्ष जागेश्वर यादव, समस्त पार्षदगण, जनपद सदस्य, पार्टी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में उपस्थित देवतुल्य ग्रामीणजनों की गरिमामयी सहभागिता ने आयोजन को भव्यता प्रदान की।
अटल बिहारी वाजपेयी जी का व्यक्तित्व ओज,संयम और सौम्यता का अद्भुत संगम था। कवि हृदय,दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण के कारण वे सदैव जन-जन के हृदय में जीवित रहेंगे। उनका चिंतन,उनकी वाणी और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक प्रकाशस्तंभ हैं।अटल जी अमर हैं,उनके विचार अमर हैं और उनका युग सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

