राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर जनस्वास्थ्य संकट के विरोध में चक्का जाम लगभग 500 प्रभावित नागरिक करेंगे शांतिपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

 


बलरामपुर–रामानुजगंज (छत्तीसगढ़)

राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 (बलरामपुर–रामानुजगंज मार्ग) के निर्माण के दौरान लगातार उड़ रही सीमेंटेड राखड़ एवं धूल से उत्पन्न गंभीर जनस्वास्थ्य संकट के विरोध में लगभग 500 से अधिक स्थानीय नागरिकों द्वारा दिनांक 13 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को सुबह 10:00 बजे से सीमित एवं नियंत्रित चक्का जाम किया जाएगा।  

लगभग ढाई वर्षों से लगातार सड़क निर्माण में प्रयुक्त सीमेंट मटेरियल एवं राखड़ बिना किसी सुरक्षा मानकों के खुले में छोड़े जाने के कारण सड़क के दोनों ओर लगभग आधा किलोमीटर क्षेत्र तक धूल फैल चुकी है। इसके दायरे में सैकड़ों परिवार, दुकानें, विद्यालय, बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे एवं नियमित यात्री गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।


जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव

लगातार धूल के संपर्क में रहने से विभिन्न आयु वर्गों में गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है—

0–5 वर्ष के बच्चे: फेफड़ों के विकास में बाधा, निमोनिया, बार-बार सांस संक्रमण

6–18 वर्ष के बच्चे/किशोर: एलर्जी, दमा, आंखों की समस्याएं, शारीरिक व मानसिक विकास में बाधा

18–45 वर्ष के नागरिक: सांस फूलना, त्वचा व आंखों में सूजन, कार्यक्षमता में गिरावट

45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग: दमा, ब्रोंकाइटिस, COPD, हृदय रोग व स्ट्रोक का खतरा

गर्भवती महिलाएं: गर्भस्थ शिशु के विकास पर नकारात्मक प्रभाव एवं कम वजन के शिशु का जोखिम

निर्माण एजेंसियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप

निर्माण कार्य में संलग्न एजेंसियों द्वारा—

नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा,

सीमेंट/राखड़ को ढककर परिवहन नहीं किया जा रहा,

प्रभावित आबादी के लिए कोई वैकल्पिक सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।

यह स्थिति पर्यावरण संरक्षण नियमों, श्रम सुरक्षा मानकों एवं भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का खुला उल्लंघन है।

शांतिपूर्ण आंदोलन की चेतावनी

प्रभावित नागरिकों ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण होगा।

स्कूल वाहन, एंबुलेंस, आवश्यक सेवाओं को बाधित नहीं किया जाएगा।

यह विरोध केवल राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के निर्माण में लगी संबंधित कंपनियों एवं ठेकेदारों की लापरवाही के विरुद्ध है।

यदि प्रशासनिक स्तर पर कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों की होगी।

निर्माण एजेंसियों का विवरण

मुख्य ठेकेदार: श्याम इंफ्रा निर्माण प्राइवेट लिमिटेड (पश्चिम बंगाल)

पेटी ठेकेदार: शिवालिक बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड (नोएडा, दिल्ली)

जारीकर्ता:

आंदोलित क्षेत्रवासी

राष्ट्रीय राजमार्ग 343 प्रभावित परिवार

बलरामपुर–रामानुजगंज (छत्तीसगढ़)

स्थान: बलरामपुर–रामानुजगंज



Post a Comment

Previous Post Next Post