रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और नशीले इंजेक्शन बेचने वाले गिरोह पर शिकंजा कसा है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा और रामलीला मैदान क्षेत्र में दबिश देकर कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 6.168 किलो गांजा, 24 नग नशीली बुट्रम इंजेक्शन, नगदी रकम ₹7570, मोबाइल और एक अपाचे बाइक जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
बीड़पारा में गांजा तस्करी का खुलासा
25 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बीड़पारा स्थित एक मकान में छापा मारा, जहां आरोपी इरशाद खान को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके घर से 6 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 6.168 किलो बताया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मोहम्मद वसीम का नाम बताया, जो ओडिशा से गांजा लाकर बिक्री करता था। इसके बाद पुलिस ने जोगीडीपा से मोहम्मद वसीम को हिरासत में लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
रामलीला मैदान में नाबालिगों को लगाया जा रहा था नशे का इंजेक्शन
26 मई को पुलिस को सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिग लड़कों को बुट्रम इंजेक्शन के जरिए नशा करा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा को पकड़ लिया, जबकि कुछ आरोपी भाग निकले।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 24 नग Butorphanol Tatrate Injection USP 2mg (Butrum), 2 सिरिंज, ₹7370 नगद और मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदकर युवाओं और नाबालिगों को बेचते थे। पुलिस ने बाद में सरोज यादव को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपी
गांजा मामले में गिरफ्तार आरोपी
इरशाद खान, निवासी बीड़पारा रायगढ़
मोहम्मद वसीम, निवासी जोगीडीपा रायगढ़
बुट्रम इंजेक्शन मामले में गिरफ्तार आरोपी
सूरज पंडित, निवासी सोनिया नगर रायगढ़
विमल केरकेट्टा, निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी रायगढ़
सरोज यादव उर्फ बबलू यादव, निवासी खरसिया रायगढ़
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि युवाओं और नाबालिगों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे कारोबारियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
