कलेक्ट्रोरेट में नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी जशपुर से गिरफ्तार

 

रायगढ़। कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3 लाख 38 हजार 500 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने जशपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर महीनों तक गुमराह किया। कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कोतरा निवासी 27 वर्षीय कुमारी पदिमनी यादव ने 3 अप्रैल 2026 को थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी भतीजी के माध्यम से उसकी पहचान हरीश मिश्रा से हुई थी। आरोपी ने कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर संविदा नियुक्ति कराने का भरोसा दिलाकर 9 फरवरी 2026 से 22 मार्च 2026 के बीच नकद एवं ऑनलाइन माध्यम से कुल 3 लाख 38 हजार 500 रुपये ले लिये।

लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने पर पीड़िता ने आरोपी से संपर्क किया, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। इसी दौरान आरोपी ने “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था का कथित नियुक्ति पत्र भी दिया। जब पीड़िता दस्तावेजों की जांच कराने कलेक्ट्रोरेट रायगढ़ पहुंची तो नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी निकला और पूरे मामले का खुलासा हुआ।

मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने जशपुर जिले में दबिश देकर आरोपी हरीश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता से रकम लेने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद जब्त किये हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य के पद पर कार्यरत रह चुका है तथा उसके खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं।

गिरफ्तार आरोपी हरीश मिश्रा (31 वर्ष) निवासी बैकुण्ठपुर, थाना कोतवाली रायगढ़ का रहने वाला है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि नौकरी दिलाने या सरकारी भर्ती कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों पर भरोसा न करें तथा किसी भी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी केवल अधिकृत शासकीय माध्यमों से ही प्राप्त करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post