25 साल बाद खुली विकास की राह: दुपचेरा की जीवनरेखा निकासी नाली की हुई ऐतिहासिक सफाई



गांव सहित आसपास के क्षेत्रों को मिलेगी राहत, जलभराव और गंदगी की समस्या होगी दूर

गुरुर। विकासखंड गुरुर के ग्राम पंचायत दुपचेरा में लगभग 20 से 25 वर्षों बाद प्रमुख निकासी नाली की व्यापक सफाई शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। गांव के बीच से गुजरने वाली यह नाली न केवल दुपचेरा बल्कि आसपास के कई गांवों के गंदे पानी की निकासी का प्रमुख मार्ग है, जो आगे खुंदनी नहर तक पहुंचता है।

लंबे समय से नाली में गाद, झाड़ियां और कचरा जमा होने के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसके चलते ग्रामीणों को दुर्गंध, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और गंदगी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी तथा जलभराव से जनजीवन प्रभावित होता था।

ग्राम पंचायत की पहल पर सरपंच दानेश्वरी साहू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एकजुट होकर स्वच्छता अभियान चलाया। जेसीबी मशीन और श्रमिकों की सहायता से नाली की सफाई का कार्य तेजी से किया जा रहा है। नाली में जमी गाद और अवरोधों को हटाकर जल निकासी व्यवस्था को पुनः सुचारू बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

सरपंच दानेश्वरी साहू ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ गांव का निर्माण पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह नाली कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा।

ग्रामीणों ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों बाद हुई इस सफाई से गांव में स्वच्छता बढ़ेगी, जलभराव की समस्या कम होगी और संक्रामक बीमारियों के खतरे में भी कमी आएगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।

यह पहल न केवल स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि ग्रामीण सहभागिता और सामूहिक प्रयास का भी प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।



Post a Comment

Previous Post Next Post