बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली सेवाओं को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) राज्यभर में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को तेज़ी से लागू कर रही है। नई व्यवस्था के लागू होने से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की जानकारी तुरंत मिलेगी और वे मोबाइल के जरिए अपने उपयोग पर नजर रख सकेंगे।
स्मार्ट मीटर तकनीक से मीटर रीडिंग पूरी तरह स्वचालित और डिजिटल होगी। इससे गलत रीडिंग और बिलिंग संबंधी शिकायतों में कमी आएगी। साथ ही बिजली बिल अधिक सटीक और पारदर्शी तरीके से तैयार होंगे। उपभोक्ता 'मोर बिजली' ऐप के माध्यम से रोजाना और मासिक बिजली खपत का रिकॉर्ड देख सकेंगे तथा जरूरत के अनुसार अपनी बिजली उपयोग की योजना बना सकेंगे।
ऐप में जोड़ी गई खपत पूर्वानुमान सुविधा से उपभोक्ता यह भी जान सकेंगे कि मौजूदा महीने में अनुमानित बिजली खपत कितनी होगी। इसके अलावा पिछले महीने और पिछले वर्ष की समान अवधि के आंकड़ों से तुलना कर बिजली बचाने की बेहतर रणनीति बना सकेंगे।
बिजली विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगेगा, लाइन लॉस में कमी आएगी और पूरे वितरण तंत्र की कार्यक्षमता बढ़ेगी। इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को आधुनिक, विश्वसनीय और तकनीक आधारित बिजली सेवाएं उपलब्ध कराते हुए राज्य की विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और अधिक सक्षम बनाना है।

