सीतापुर से चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे बादी गिरोह पर शिकंजा, एक गिरफ्तार

जशपुर, 04 जून 2026। जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र में जागरूक ग्रामीणों की सतर्कता से बकरी चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सदस्य को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीष खान उर्फ गोल्डन (25 वर्ष) निवासी टुकूपारा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। आरोपी के अन्य दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर कार से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, लोदाम बैगाटोली निवासी किषुन राम (35 वर्ष) ने थाना लोदाम में शिकायत दर्ज कराई कि 2 जून की रात उसने अपने नौ बकरे-बकरियों को गोहार में बांधकर रखा था। रात करीब 2 बजे पड़ोसी ने फोन कर घर के बाहर संदिग्ध वाहन और कुछ अज्ञात लोगों की गतिविधियों की जानकारी दी। सूचना मिलते ही किषुन राम बाहर निकला तो देखा कि घर के एक कमरे का ताला तोड़कर सामान बिखेर दिया गया था।
इसके बाद जब वह गोहार पहुंचा तो वहां का दरवाजा टूटा हुआ मिला और एक बकरा तथा एक बकरी गायब थे। इसी दौरान ग्रामीणों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचने पर पता चला कि ग्राम कोटवार एवं ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया है। पूछताछ में उसने अपना नाम अनीष खान बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक बकरी बरामद की गई। साथ ही चोरी में प्रयुक्त टांगी, मोबाइल, टॉर्च, टेप समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया। आरोपी के साथी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में अनीष खान ने खुद को कुख्यात बादी (नट) गिरोह का सदस्य बताया और स्वीकार किया कि वह सीतापुर से अपने साथियों के साथ कार में चोरी करने लोदाम आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लोदाम में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी और उसके गिरोह का अन्य चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। प्रारंभिक जानकारी में आरोपी के विरुद्ध अन्य थानों में भी अपराध दर्ज होने की बात सामने आई है।
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जागरूक ग्रामीणों के सहयोग से बादी गिरोह के एक सदस्य को चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। फरार साथियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही गिरोह के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहन जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post