खम्हारपाली चेकपोस्ट पर सख्ती का असर: आठ माह में नहीं हुई एक भी सड़क दुर्घटना


महासमुंद, । यात्री सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन विभाग की सख्ती का सकारात्मक परिणाम यह है कि चेकपोस्ट क्षेत्र में पिछले आठ माह के दौरान एक भी सड़क दुर्घटना दर्ज नहीं हुई है।
खम्हारपाली चेकपोस्ट प्रभारी श्री ठाकुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से ओडिशा और झारखंड की ओर संचालित अखिल भारतीय पर्यटक परमिट एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। जांच के दौरान नियमों के विपरीत लगेज परिवहन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।

परिवहन विभाग की कार्रवाई के तहत मई माह में 15 बसों सहित अन्य व्यावसायिक वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लगभग दो लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। जांच में कई बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सामान ले जाते हुए पाया गया था। विभाग ने संबंधित वाहन संचालकों को भविष्य में नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी भी दी है।

चेकपोस्ट प्रभारी श्री ठाकुर ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सड़क व्यवस्था बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आम जनता की सुविधा, सुरक्षित यातायात और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।

बताया गया कि पूर्व में चेकपोस्ट क्षेत्र में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आती थीं। इस समस्या के समाधान के लिए परिवहन विभाग ने चेकपोस्ट के दोनों प्रवेश द्वारों पर बैरिकेड्स स्थापित किए, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित हुई और दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा।

स्थानीय लोगों को यातायात दबाव से राहत दिलाने के लिए मोटरसाइकिल एवं निजी चारपहिया वाहनों को चेकपोस्ट परिसर में प्रवेश देने के बजाय बाहर से ही बायपास कराया जा रहा है। इस व्यवस्था से यातायात सुगम हुआ है तथा जाम की समस्या में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
भीषण गर्मी के मद्देनजर यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए चेकपोस्ट परिसर में वाटर कूलर एवं मटकों के माध्यम से शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। इस पहल की आम नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है

उल्लेखनीय है कि खम्हारपाली चेBlogger. Comकपोस्ट ने पिछले वित्तीय वर्ष में शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य को 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ हासिल किया है। इसे विभाग की कार्यकुशलता, पारदर्शिता और प्रभावी प्रबंधन का परिणाम माना जा रहा है।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा, यात्री सुरक्षा और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान एवं कार्रवाई की प्रक्रिया आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post