सारंगढ़। सारंगढ़ जिले में महिलाओं और ग्रामीणों को सरकारी योजना का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार जेवरा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों से शिकायत मिली थी कि कुछ लोग स्वयं को छत्तीसगढ़ युवा समाज सुधार समिति का प्रतिनिधि बताकर 'नारी सम्मान निधि योजना' में निवेश कराने का काम कर रहे थे। आरोपियों का दावा था कि योजना में जमा की गई राशि 20 महीने में दोगुनी हो जाएगी और हर महीने 10 प्रतिशत अनुदान भी मिलेगा। इतना ही नहीं, यदि कोई बैंक से ऋण लेकर निवेश करेगा तो उसकी ऋण किस्त भी संस्था द्वारा जमा करने का आश्वासन दिया जाता था।
इन आकर्षक वादों के झांसे में आकर बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने अपनी मेहनत की कमाई योजना में जमा कर दी। जांच में अब तक लगभग ₹2.38 करोड़ की ठगी का खुलासा हुआ है।
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली सारंगढ़ में अपराध दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अजय लक्ष्मै निवासी छर्रा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी में अपनी भूमिका स्वीकार की। उसके कब्जे से बैंक संबंधी दस्तावेज, एटीएम कार्ड और रजिस्टर जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमीषा पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव एवं उनकी टीम ने की