बिलासपुर संभाग
बिलासपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 49 नाइट्राजेपाम (Nitrazepam) टैबलेट और बिक्री से प्राप्त 760 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरपा नदी के पचरी घाट क्षेत्र में एक युवक नशीली गोलियों की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 49 नाइट्राजेपाम टैबलेट और 760 रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्की उर्फ लकेश्वर यादव (20 वर्ष), निवासी पुराना हाईकोर्ट के पीछे, सिटी कोतवाली, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(बी), 22(बी) एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

