जिला रायगढ़
रायगढ़, जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का "ऑपरेशन अंकुश" लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसी अभियान के तहत थाना पुसौर और पूंजीपथरा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान नकदी, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना पुसौर की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कठली के बड़े तालाब के पास संचालित खुड़खुड़िया (झंडी-मुंडी) जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भाग निकले, लेकिन दिनेश कुमार चौधरी, उमाकांत निषाद और कमलेश निषाद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से ₹1,000 नगद, दो मोटरसाइकिल, एक वीवो मोबाइल, खुड़खुड़िया गोटियां, झंडी-मुंडी पट्टियां और अन्य जुआ सामग्री बरामद हुई।
वहीं, थाना पूंजीपथरा पुलिस ने सुनील इस्पात, चिराईपानी के पास स्टाइगर जुआ खिलाए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पंकज शर्मा और रिषभ बाजपेई को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से ₹500 नगद और स्टाइगर गोटियां जब्त की गईं।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।