बिलासपुर, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज शिकायतों का त्वरित निराकरण लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। बिल्हा विकासखंड के ग्राम धमनी में लंबे समय से खराब पड़े सार्वजनिक हैंडपंप को मात्र आठ दिनों में सुधारकर प्रशासन ने ग्रामीणों को बड़ी राहत पहुंचाई है।
ग्राम धमनी निवासी राहुल यादव ने मोहल्ले में दो माह से बंद पड़े हैंडपंप के कारण उत्पन्न पेयजल संकट की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही विभाग की तकनीकी टीम गांव पहुंची और हैंडपंप की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया। तय समय-सीमा के भीतर हैंडपंप को पूरी तरह दुरुस्त कर फिर से चालू कर दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा दोबारा मिलने लगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या समाप्त हो गई।
शिकायतकर्ता राहुल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का तेजी से समाधान हुआ, जिससे पूरे मोहल्ले के लोगों को राहत मिली। उन्होंने जिला प्रशासन और पीएचई विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ निराकरण किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर उन्हें बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह पहल प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ सुशासन की अवधारणा को भी साकार कर रही है।
Tags
बिलासपुर संभाग