सक्ती। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चंद्रपुर पुलिस ने बिना वैध लाइसेंस साहूकारी का कारोबार करने तथा कर्जदारों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित ने थाना चंद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के साहूकारी का कार्य कर रहा था। वह लोगों को ऊंचे ब्याज पर रुपये उधार देता था और समय पर रकम नहीं चुका पाने की स्थिति में उनसे अवैध रूप से अधिक राशि की मांग करता था। विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान-माल की क्षति पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती थी।
शिकायत के आधार पर थाना चंद्रपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सक्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में बिना लाइसेंस साहूकारी, अवैध वसूली, धमकी और आम नागरिकों के शोषण जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति बिना वैध लाइसेंस के साहूकारी कर अवैध ब्याज वसूल रहा है या डराकर-धमकाकर पैसे की वसूली कर रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके
Tags
जिला शक्ति