बम्हनीडीह। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को परखने का एक अलग ही उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला पुछेली के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने केवल व्यवस्थाओं का निरीक्षण ही नहीं किया, बल्कि स्वयं विद्यार्थियों के साथ बैठकर विज्ञान की कक्षा में सहभागी बन गए।
दिन की शुरुआत संगीतमय प्रार्थना सभा से हुई। प्रधान पाठक सुन्दर सिंह कंवर के मधुर हरमोनियम वादन के बीच हुई सरस्वती वंदना में बीईओ ने भी स्वर मिलाकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उनका यह सहज और आत्मीय व्यवहार बच्चों व शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।
इसके बाद वे सीधे कक्षा सातवीं में पहुंचे, जहां विज्ञान शिक्षक महेंद्र सिंह ध्रुवे सुचालक-कुचालक, तत्व, यौगिक और मिश्रण जैसे विषयों को प्रयोगात्मक एवं सरल भाषा में समझा रहे थे। बीईओ ने पूरी कक्षा विद्यार्थियों के बीच बैठकर सुनी और बच्चों से विषय से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने भी आत्मविश्वास के साथ जवाब देकर अपनी तैयारी का परिचय दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की कॉपियों का बारीकी से अवलोकन किया, हस्ताक्षर कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा नियमित अध्ययन और सुंदर लेखन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार केवल संसाधन नहीं, बल्कि शिक्षक की मेहनत और विद्यार्थियों की सीखने की लगन होती है।
विद्यालय में अनुशासन, स्वच्छ वातावरण और प्रभावी शिक्षण व्यवस्था से संतुष्ट बीईओ बसंत चतुर्वेदी ने प्रधान पाठक सुन्दर सिंह कंवर सहित समस्त शिक्षक दल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की मिसाल हैं।
Tags
जिला जांजगीर चांपा