सेवा सेतु ने आसान की राह, एक दिन में घर पहुंचा जाति प्रमाण पत्र



कोटा के भैंसाझार निवासी राजेश कुमार को मिली त्वरित सरकारी सेवा, कार्यालयों के चक्कर और इंतजार से मिली राहत

बिलासपुर, 
सेवा संकल्प अभियान के तहत शासन की नागरिक-केंद्रित सेवाओं का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। कोटा ब्लॉक के ग्राम भैंसाझार निवासी राजेश कुमार के लिए सेवा सेतु सरकारी सेवा प्राप्त करने का ऐसा माध्यम बना, जिसने उनके काम को आसान और समयबद्ध कर दिया।

राजेश कुमार ने जाति प्रमाण पत्र के लिए सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन किया। आवेदन प्राप्त होने के बाद तहसील कार्यालय रतनपुर द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक दिन के भीतर जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

जहां पहले ऐसे कार्यों के लिए नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबे समय तक इंतजार करने की परेशानी का सामना करना पड़ता था, वहीं सेवा सेतु के जरिए आवेदन से लेकर प्रमाण पत्र जारी होने तक की प्रक्रिया अधिक सुगम और सुविधाजनक बनी है। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से राजेश कुमार अपने आवश्यक शासकीय कार्यों को बिना देरी के पूरा कर सकेंगे।

एक दिन में सेवा, नागरिक के चेहरे पर संतोष

राजेश कुमार के लिए महज एक दिन में प्रमाण पत्र जारी होना प्रशासनिक तत्परता और डिजिटल सेवा व्यवस्था का प्रत्यक्ष उदाहरण है। ऑनलाइन माध्यम से आवेदन और विभागीय स्तर पर त्वरित निराकरण से नागरिकों को कम समय में, सरल प्रक्रिया के जरिए शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

राजेश कुमार ने समय पर जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post