दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर महिला पुलिस की दो विशेष टीमें करेंगी पेट्रोलिंग, छेड़छाड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी नजर
रायगढ़, 16 अक्टूबर 2026। नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए रायगढ़ पुलिस ने एक विशेष पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दो विशेष पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को ‘मां दुर्गा वाहिनी’ नाम दिया गया है। ये टीमें शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
महिला पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
‘मां दुर्गा वाहिनी’ की पहली टीम की प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, थाना कोतरारोड को बनाया गया है। वहीं, दूसरी टीम की कमान सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, महिला थाना को सौंपी गई है। दोनों टीमों में महिला एवं पुरुष आरक्षक शामिल रहेंगे, जो दोपहिया वाहनों से प्रमुख दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर पेट्रोलिंग करेंगे। इस दौरान असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ महिलाओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
एसएसपी ने दिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
पुलिस कार्यालय में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दोनों विशेष पेट्रोलिंग टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों का नियमित भ्रमण करने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी दुर्गा पंडालों में पुलिस सहायता से संबंधित हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम के नंबरों वाले पोस्टर लगाने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालु तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकें।
छेड़छाड़ या परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए हेलो सिस्टर हेल्पलाइन एवं पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं।
- हेलो सिस्टर हेल्पलाइन: 9479270533
- पुलिस कंट्रोल रूम, रायगढ़: 9479193299
इन नंबरों पर महिलाएं छेड़छाड़, सुरक्षा संबंधी परेशानी अथवा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। पुलिस ने अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना देरी किए सूचना दें।
हरी झंडी दिखाकर रवाना की गईं विशेष टीमें
निर्देशों के बाद शुक्रवार शाम एसएसपी शशि मोहन सिंह ने ‘मां दुर्गा वाहिनी’ की दोनों विशेष पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, आरआर अमित सिंह, थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। रायगढ़ पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
रायगढ़ पुलिस की इस पहल से नवरात्रि और दशहरा उत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
