*पूर्व विधायक संतोष बाफना के शोरूम में युवती की लाश, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका*



_जगदलपुर।_ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम की छत पर एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है, जो इसी शोरूम में काम करती थी। परिजनों ने उसके हाथों और शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। जिस व्यावसायिक परिसर में शव मिला है, वह पूर्व भाजपा विधायक संतोष बाफना से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

_21 अक्टूबर को शुरू की थी नौकरी -_

जानकारी के अनुसार, दीपा ने 21 अक्टूबर को शोरूम में काम शुरू किया था। घटना वाले दिन शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उसकी परिवार के सदस्यों से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने बाद में बात करने की बात कही, लेकिन इसके बाद उसका संपर्क नहीं हो सका। रात करीब 9:30 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शोरूम के कर्मचारियों से संपर्क किया। कर्मचारियों ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से दिखाई नहीं दे रही है और उसका मोबाइल फोन प्रतिष्ठान में ही छूट गया है।

इसके बाद कर्मचारी मोबाइल लेकर उसके घर पहुंचे। परिजन दीपा की तलाश में बाफना हाउस भी गए, लेकिन वहां प्रतिष्ठान बंद मिला। अगले दिन सुबह दोबारा पहुंचने पर शोरूम की छत पर दीपा का शव मिलने की जानकारी मिली।

_चोट के निशानों को लेकर परिजनों के सवाल -_

परिजनों का दावा है कि दीपा के हाथों और शरीर पर चोट तथा नाखून जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। उनका कहना है कि इन परिस्थितियों में मौत को सामान्य मानकर नहीं देखा जा सकता। परिजनों ने यह सवाल भी उठाया है कि शाम से लापता युवती की तलाश के दौरान प्रतिष्ठान की ओर से स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने में देरी क्यों हुई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

_पुलिस को सुसाइड नोट मिलने की जानकारी -_

घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है। घटनास्थल से कथित सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी दी गई है। हालांकि, मौत के कारणों और घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर पुलिस ने विस्तृत जांच की बात कही है।

फिलहाल मामले में परिजनों की हत्या की आशंका और पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आई आत्महत्या की संभावना के बीच कई सवाल अनुत्तरित हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से ही दीपा की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post