शादी का झांसा देकर 3 महीने तक किया दुष्कर्म, आरोपी बादल सारथी गिरफ्तार

       23 अप्रैल, रायगढ़ । महिला थाना की टीम द्वारा दुष्कर्म पीडिता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है । बीते 21 अप्रैल को प्रार्थिया/पीड़िता द्वारा महिला थाना में बादल सारथी (20 वर्ष) निवासी रायगढ़ के विरुद्ध शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पीड़िता ने बताया कि अप्रैल 2025 में दिल्ली काम करने गई थी, जहां से रायगढ़ लौटने के बाद उसकी पहचान आरोपी से हुई थी, आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने घर करीब तीन माह तक पत्नी की तरह रखा और लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।

       पीड़िता द्वारा जब भी शादी के लिए दबाव बनाया गया, आरोपी टालमटोल करता रहा और मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। जनवरी 2026 में पीड़िता दिल्ली काम करने गई, जहां आरोपी भी उसके पास पहुंचा और लगभग एक माह तक उसके साथ रहा। इस दौरान गर्भवती होने की जानकारी देने पर आरोपी ने जल्द शादी करने का झूठा भरोसा दिया, लेकिन 24 मार्च 2026 को बिना बताए दिल्ली से वापस रायगढ़ आ गया।

    पीड़िता 2 अप्रैल 2026 को वापस रायगढ़ आई और आरोपी के घर पहुंची, जहां आरोपी ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और शादी से साफ इंकार कर दिया। प्रकरण पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

        एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन पर महिला संबंधी अपराध में त्वरित कार्रवाई में एसआई कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई विल्फ्रेड मसीह, हेड कांस्टेबल संदीप भगत, राजेश उरांव और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है ।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश :

          “महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आमजन से अपील है कि ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।”
 

Post a Comment

Previous Post Next Post