बगीचा में 'खूनी खेल': सरकारी जमीन के विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने मचाया तांडव, अब सलाखों के पीछे

 


बगीचा/जशपुर: जशपुर जिले के पंडरापाठ चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अम्बाडीपा (सेंधमार) में शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ा कि एक ही परिवार के पिता और उसके दो बेटों ने दूसरे पक्ष पर लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

खलिहान की जमीन बनी विवाद की वजह

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जवाहर यादव का परिवार वर्षों से घर के पास स्थित शासकीय जमीन का उपयोग खलिहान और गोठान के रूप में करता आ रहा है। इसी जमीन को लेकर गांव के ही मदन यादव और उसके बेटों से उनका विवाद चल रहा था। 20 अप्रैल की सुबह जब प्रार्थी के परिजन खलिहान पहुंचे, तब आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में बिहारी यादव, सुमित्रा और जयंती यादव को गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस की सख्ती: आरोपी सलाखों के पीछे

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। चौकी प्रभारी सतीश कुमार सोनवानी के नेतृत्व में घेराबंदी कर आरोपी मदन यादव (61), ठाकुर दयाल (36) और सत्यपाल यादव (32) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल डंडे और लोहे का सब्बल भी बरामद कर लिया है।

कड़ा संदेश

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल घायलों का इलाज शासकीय अस्पताल बगीचा में जारी है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post