धमतरी के डूबान प्रभावित ग्रामीणों को बड़ी राहत: बोरई में लिंक कोर्ट शुरू, अब हर शुक्रवार होगी सुनवाई




सह संपादक सुखदेव आजाद

 जिला धमतरी

धमतरी। जिले के दूरस्थ एवं डूबान प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। विकासखंड नगरी (तहसील बेलरगांव) के ग्राम पंचायत बोरई में लिंक कोर्ट का शुभारंभ किया गया है, जिससे अब ग्रामीणों को राजस्व संबंधी मामलों के लिए दूरस्थ न्यायालयों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

जिला प्रशासन की इस पहल के तहत लिंक कोर्ट अब प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को अपने ही गांव के नजदीक न्यायिक सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी।

शुक्रवार को आयोजित प्रथम लिंक कोर्ट में खाता बटवारे से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई प्रारंभ की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए और अपने मामलों को प्रस्तुत किया। कई मामलों में प्रारंभिक सुनवाई के साथ ही निराकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई, जिससे लोगों में संतोष और उत्साह देखा गया।

ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें छोटे-छोटे राजस्व मामलों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, लिंक कोर्ट के माध्यम से लंबित मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर दिया जाएगा। साथ ही, लोगों को राजस्व कानूनों और उनके अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वे अपने मामलों को सही तरीके से प्रस्तुत कर सकें।

जिला प्रशासन ने इसे सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि भविष्य में जरूरत के अनुसार अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी इस तरह की व्यवस्था शुरू की जा सकती है। प्रशासन का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को गांव-गांव तक पहुंचाना और उसे अधिक सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाना है।
इस पहल से न केवल न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि ग्रामीणों का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post