पत्थलगांव। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल महाभियान 2026 के तहत प्रदेशभर के जिलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा जिला जशपुर का दो दिवसीय आवासीय जिला प्रशिक्षण वर्ग 17 एवं 18 मई को पत्थलगांव शहर स्थित मैरिज गार्डन में आयोजित होगा।
इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा विष्णुदेव साय, ओपी चौधरी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
दो दिवसीय इस आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भाजपा की रीति-नीति, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में शामिल कार्यकर्ताओं के लिए रात्रि विश्राम एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
भाजपा मंडल पत्थलगांव शहर अध्यक्ष अंकित बंसल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा ध्वजारोहण एवं प्रदर्शनी शुभारंभ के साथ होगी। इसके बाद प्रशिक्षण सत्र प्रारंभ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पत्थलगांव शहर में जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन होना सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है।
अंकित बंसल ने कहा कि जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों तथा विभिन्न मंडलों से आने वाले कार्यकर्ताओं के स्वागत-अभिनंदन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।
