धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के बेटे संदीप लकड़ा (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चिकटवानी मुडाडीपा निवासी श्रीमती मेरीना लकड़ा (70 वर्ष) घर में खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मृतिका के सिर, माथे और कान के ऊपर गंभीर चोट के निशान मिले। वहीं मृतिका की 10 वर्षीय नातिन अगोस्टिना लकड़ा भी सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हालत में मिली, जिसे तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ भेजा गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया। विवेचना के दौरान संदेह मृतिका के बेटे संदीप लकड़ा पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि वह ड्राइवरी का काम करता है और शराब पीने का आदी है। घटना वाले दिन उसकी मां ने उसे शराब पीने से मना करते हुए डांट लगाई थी। इसी बात से गुस्साए आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपनी मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई बेटी अगोस्टिना पर भी उसने जानलेवा हमला किया। घायल बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाकर दूसरे घर भाग गई।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में इस मामले का त्वरित खुलासा किया गया। कार्रवाई में निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा, गंगाराम भगत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू हिंसा, हत्या और महिलाओं व बुजुर्गों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस शून्य सहनशीलता की नीति पर काम कर रही है और ऐसे अपराधियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाएगा।
