पत्थलगांव। पत्थलगांव में डीजल-पेट्रोल की भारी किल्लत और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय पेट्रोल पंप के सामने आयोजित एकदिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में किसान और आम नागरिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ईंधन संकट पर तत्काल समाधान की मांग उठाई।
खेती के सीजन में बढ़ी किसानों की परेशानी
क्षेत्र में खेती-किसानी का कार्य शुरू हो चुका है। ऐसे समय में डीजल की कमी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ट्रैक्टर और कृषि उपकरण ईंधन के अभाव में खड़े हैं, जिससे खेतों की जुताई और अन्य कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो इस वर्ष खेती का पूरा चक्र प्रभावित हो सकता है।
डीजल-पेट्रोल की कमी का असर केवल किसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवहन व्यवसाय और आम उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस, खाद्य तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। नेताओं ने कहा कि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, ऊपर से ईंधन संकट ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
प्रशासन को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि पत्थलगांव क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की नियमित आपूर्ति तत्काल शुरू की जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।
.png)