जशपुर। जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1), 115(2) और 332(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 9 मई 2026 की रात की है। पीड़िता गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर रात करीब 9 बजे अपने घर लौटी थी। वह घर का दरवाजा बंद कर सोने की तैयारी कर रही थी, तभी आरोपी महिमा प्रकाश मिंज (26 वर्ष) जबरन घर में घुस गया। आरोप है कि उसने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म किया।
घटना के दौरान पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर घर के बाहर निकली और शोर मचाया। इसके बाद उसने घटना की जानकारी आरोपी की बहन और बहनोई को दी। अगले दिन 10 मई को पीड़िता ने थाना कांसाबेल में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस की तकनीकी टीम और मुखबिर की सूचना पर पता चला कि आरोपी जिला रायगढ़ के कापू थाना क्षेत्र स्थित अपने गृह ग्राम में छिपा हुआ है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपी के गांव में दबिश दी गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर 13 मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव, आरक्षक अर्जुन बड़ा और नगर सैनिक योगेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
.png)