आरोपी ने परिचित होने का फायदा उठाकर महिला को डरा-धमकाकर शारीरिक शोषण किया।

 

रायगढ़, 22 मई 2026। धरमजयगढ़ पुलिस ने महिला से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिनेश कौशिक (32 वर्ष) निवासी ग्राम बोरो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पीड़िता ने 21 मई 2026 को थाना धरमजयगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी।

पीड़िता (27 वर्ष) ने महिला पुलिस अधिकारी को दिए बयान में बताया कि आरोपी उसके और उसके पति का परिचित था। पिछले करीब एक माह से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। आरोप है कि 6 मई 2026 की दोपहर आरोपी उसके घर पहुंचा और पति के घर में नहीं होने का फायदा उठाकर कमरे में घुस गया। वहां आरोपी ने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और किसी को बताने पर धमकी दी।

पीड़िता के अनुसार अगले दिन 7 मई को आरोपी ने दोबारा धमकाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। सामाजिक बदनामी के डर से महिला चुप रही, लेकिन बाद में 14 मई को उसने अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर थाना धरमजयगढ़ में अपराध क्रमांक 145/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ के मार्गदर्शन में की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध गंभीर श्रेणी में आते हैं और ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस तत्काल एवं सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post