जशपुर, 17 मई 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 एवं 17 मई को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकालकर लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया गया।
16 मई को थाना बागबहार, कांसाबेल, तुमला, लोदाम, आस्ता तथा चौकी ऊपर कछार, पंडरापाठ, मनोरा, कोतबा और करडेगा क्षेत्रों में रैली आयोजित की गई। वहीं 17 मई को थाना सन्ना, बगीचा, नारायणपुर, फरसाबहार एवं चौकी सोनक्यारी क्षेत्र में हेलमेट जागरूकता बाइक रैली निकाली गई।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हेलमेट पहनकर बाइक रैली निकाली और आमजन को संदेश दिया कि “सुरक्षा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।” अभियान के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा तेज रफ्तार से बचने की अपील की गई।
यह विशेष अभियान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में कमी लाना और लोगों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना है।
जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय दुर्घटना के दौरान गंभीर चोट एवं जानमाल के नुकसान से बचाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन, संयमित गति और यातायात नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा एवं जनजागरूकता का यह अभियान जिलेभर में लगातार जारी रहेगा।
%20(1).png)