गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी मंजीत, नईम और यूसुफ गिरफ्तार

 

जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना लोदाम क्षेत्र के तीन अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इन मामलों में पहले ही तीन पिकअप वाहनों से कुल 31 गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया था।

गिरफ्तार आरोपियों में मंजीत जांगड़े (23 वर्ष), नईम खान (25 वर्ष) और यूसुफ खान (35 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी गौ तस्करी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे और उनकी लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक पहला मामला 7 दिसंबर 2025 का है, जब थाना लोदाम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नेशनल हाईवे-43 स्थित भलमंडा चौक के पास नाकाबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-BS-8773 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 10 गौवंश ठूंस-ठूंस कर भरे मिले। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कर वाहन जब्त कर लिया था।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मंजीत जांगड़े की पहचान कर उसे साईं टांगर टोली से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 9 मई 2026 को जेल भेजा गया।

इसी तरह 12 फरवरी 2026 को पतराटोली के पास पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-FP-3193 से 9 गौवंशों को मुक्त कराया गया था। वहीं 14 अप्रैल 2026 को कोनबीरा जंगल मार्ग में पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-L-1153 से 12 गौवंश बरामद किए गए थे। दोनों मामलों में आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

लगातार पतासाजी और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने नईम खान और यूसुफ खान को भी साईं टांगर टोली क्षेत्र से हिरासत में लिया। पूछताछ में पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, एएसआई सहबीर भगत, प्रधान आरक्षक विद्यासागर पैंकरा, आरक्षक धनसाय राम और महेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी पर लगातार नजर रखे हुए है और सक्रिय मुखबिर तंत्र को मजबूत किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post