रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2019 के आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी भानूराम पैकरा उर्फ जमुनाडिहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2019 को थाना लैलूंगा में दर्ज मामले में गांव की पंचायत के दौरान एक युवक के साथ मारपीट, अपमान और प्रताड़ना की गई थी। घटना से मानसिक रूप से आहत युवक ने अगले दिन अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के दौरान कई लोगों की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
इस प्रकरण में पहले ही 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को फरार आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों में अपराध में उसकी भूमिका पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में फरार रहकर कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों को लगातार चिन्हित कर गिरफ्तार किया जा रहा है और “ऑपरेशन तलाश” के तहत हर फरार आरोपी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
.png)