💥*सुशासन तिहार शिविर में गूंजेंगी बिर्रा के विकास की मांगें*💥

नगर पंचायत से लेकर उपतहसील कार्यालय और महाविद्यालय भवन निर्माण तक कई अहम मुद्दों को लेकर सौंपा जाएगा आवेदन

 जिला जांजगीर चांपा 
बिर्रा। ग्राम पंचायत बिर्रा के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों और जनसुविधाओं की मांग को लेकर आगामी 19 मई 2026, मंगलवार को ग्राम बंसुला में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को विस्तृत आवेदन सौंपा जाएगा। यह आवेदन पंच वार्ड क्रमांक 09 एवं निर्माण एवं विकास कार्य समिति के अध्यक्ष एकांश पटेल के नेतृत्व में तैयार किया गया है।

ग्रामीणों की ओर से सौंपे जाने वाले आवेदन में ग्राम पंचायत बिर्रा को नगर पंचायत का दर्जा देने, उपतहसील कार्यालय की स्थापना, शासकीय नवीन महाविद्यालय बिर्रा के भवन निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने, आगामी सत्र 2026-27 से बिर्रा को 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा केंद्र घोषित करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थायी MBBS डॉक्टर की नियुक्ति, लिंक कोर्ट (उप-न्यायालय) का पुनः संचालन तथा भारतीय स्टेट बैंक की बड़ी शाखा खोलने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।

इस संबंध में एकांश पटेल ने बताया कि ये सभी मांगें वर्षों से लंबित हैं और क्षेत्र की जनता लंबे समय से इन मूलभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि बिर्रा क्षेत्र लगातार विकास की ओर अग्रसर है, लेकिन आवश्यक प्रशासनिक एवं शैक्षणिक सुविधाओं के अभाव में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने विशेष रूप से शासकीय नवीन महाविद्यालय बिर्रा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महाविद्यालय पिछले 9 वर्षों से संचालित हो रहा है तथा हर वर्ष विद्यार्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके बावजूद आज तक भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

एकांश पटेल ने यह भी कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel द्वारा बिर्रा को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की जा चुकी थी, लेकिन राजनीतिक कारणों के चलते यह सपना अधूरा रह गया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि सुशासन तिहार शिविर के माध्यम से शासन-प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा।

ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि यदि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है, तो आने वाले समय में जनआंदोलन सहित अन्य ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post