रायगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने खरसिया, छाल और पुसौर थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 58 लीटर अवैध महुआ एवं देशी शराब जब्त की है। तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी जब्त की गई है।
छाल थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम हाटी बाजार पारा के पीछे दबिश देकर आरोपी चैनसिंह राठिया (50 वर्ष) निवासी कीदा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अलग-अलग जरीकेनों में भरी 35 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शंकर क्षत्री, अशोक देवांगन, आरक्षक राजेश राठौर, प्रबंध राठिया और उमेन्द उरॉव शामिल रहे।
इसी तरह पुसौर पुलिस ने मुखबिर सूचना पर तेतला रोड में घेराबंदी कर स्कूटी क्रमांक CG 13 BD 4661 को रोका। जांच में आरोपी रवि कर्ष (34 वर्ष) निवासी ग्राम सूपा थाना पुसौर के कब्जे से 50 पौवा देशी प्लेन शराब (करीब 9 लीटर) बरामद की गई। शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं खरसिया पुलिस ने मंगल बाजार रोड किनारे रेड कार्रवाई कर आरोपी भोलू चौहान (31 वर्ष) निवासी पुरानी बस्ती खंतीपार खरसिया को पकड़ा। आरोपी के पास से करीब 14 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
.png)