तलवार लेकर पड़ोसी के घर में घुसा युवक, बोलेरो और बाइक में की तोड़फोड़

 

रायगढ़ जिले के थाना पुसौर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोडेकेला में पड़ोसी के घर में घुसकर तलवार से वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में Shashi Mohan Singh ने कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सोडेकेला निवासी संतोष पटेल ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 मई 2026 की दोपहर करीब 3 बजे गांव का मृत्युंजय बिशी लोहे की धारदार तलवार लेकर उसके घर में घुस आया। आरोपी ने घर परिसर में खड़ी बोलेरो वाहन क्रमांक CG 10 AE 9117 और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AH 6481 पर तलवार से हमला कर तोड़फोड़ की।
विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए तलवार लेकर प्रार्थी को मारने दौड़ा। जान बचाने के लिए पीड़ित वहां से भाग गया। घटना में दोनों वाहनों को लगभग 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर थाना पुसौर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 296, 351(3), 324(4) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मृत्युंजय बिशी (18 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की धारदार तलवार बरामद कर जप्त की। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी Shashi Mohan Singh ने कहा कि हथियार लेकर दहशत फैलाने, घरों में घुसकर हमला करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post