रस्सी से बांधकर युवक की पिटाई, वायरल वीडियो के बाद एक ही परिवार के 4 आरोपी गिरफ्तार

 

जशपुर। Jashpur Police के थाना बागबहार क्षेत्र में युवक को रस्सी से बांधकर मारपीट करने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत एक ही परिवार के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम झारपारा का है, जहां पड़ोसियों के बीच लंबे समय से छोटे-छोटे विवाद होते रहे थे।

पुलिस के अनुसार पीड़ित जोगेंद्र बढ़ाई (50 वर्ष) ने थाना बागबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अप्रैल 2026 को वह अपने घर में लकड़ी का काम कर रहा था। इसी दौरान उसके पड़ोसी नवीन बंजारा और दिनेश बंजारा उसे “पागल” कहकर गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसे रस्सी से बांध दिया और डंडे व लोहे की सरिया से मारपीट की। घटना का वीडियो गांव के ही एक व्यक्ति ने बना लिया था, जो बाद में सोशल मीडिया में वायरल हो गया।

मामले में थाना बागबहार पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी नवीन बंजारा (35 वर्ष), भगवती बंजारा (60 वर्ष), दिनेश बंजारा (42 वर्ष) और अंजुलता बंजारा (31 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रस्सी, डंडा और लोहे की सरिया भी जब्त की है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक लव कुमार चौहान, आरक्षक अजय खेस, यशवंत सिदार, पवन पैंकरा तथा महिला आरक्षक शांति लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मामले को लेकर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Dr. Lal Umed Singh ने कहा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post