बिलासपुर, बस्तर में सड़क और पुल निर्माण कार्यों में लगातार हो रही देरी पर सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao की नाराजगी के बाद लोक निर्माण विभाग ने दो ठेकेदारों का पंजीयन दो वर्षों के लिए निरस्त कर दिया है, जबकि आठ ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा दो अन्य ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बस्तर प्रवास के दौरान निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का निरीक्षण करने पहुंचे श्री साव ने कई परियोजनाओं की प्रगति को बेहद धीमा पाया था। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि जनता की सुविधा से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही और लेट-लतीफी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
चार पुल परियोजनाओं में सुस्ती, कंपनी पर गिरी गाज
लोक निर्माण विभाग ने चार अलग-अलग पुल निर्माण कार्यों में लगातार खराब प्रगति पाए जाने पर मेसर्स गुप्ता कन्सट्रक्शन कंपनी का पंजीयन दो वर्षों के लिए निरस्त कर दिया है। विभाग के अनुसार बार-बार चेतावनी और निर्देशों के बावजूद कार्यों में अपेक्षित तेजी नहीं लाई गई।
कांकेर की परियोजनाओं में देरी, ठेकेदार पर कार्रवाई
कांकेर जिले में दो महत्वपूर्ण पुल निर्माण कार्यों में लगातार देरी और असंतोषजनक प्रगति के चलते ठेकेदार निर्भय राम साहू का पंजीयन भी दो वर्षों के लिए रद्द कर दिया गया है।
8 ठेकेदारों को नोटिस, कई परियोजनाएं निगरानी में
कांकेर, कोंडागांव, जगदलपुर और सुकमा की कई सड़क परियोजनाओं में तय समय-सीमा और माइलस्टोन पूरे नहीं होने पर आठ ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि यदि प्रगति में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साव का सख्त संदेश
सड़कों और पुलों के निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता को बेहतर कनेक्टिविटी देने में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित लक्ष्य पूरे नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।”
*Arun Sao, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री*
सरकार की इस कार्रवाई को बस्तर क्षेत्र में अधूरी और धीमी विकास परियोजनाओं पर नकेल कसने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट संदेश गया है कि अब काम में ढिलाई की कोई गुंजाइश नहीं है

