तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का हुआ समापन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने की सराहना
शक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में विगत 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रदर्शनी का आयोजन जिला प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर प्रदर्शित छायाचित्रों का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास तथा विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों को आकर्षक छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी को जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों ने सराहा और इसे जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया।
प्रदर्शनी स्थल पर महिलाओं एवं युवतियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित आकर्षक छायाचित्रों और सजावट के बीच सेल्फी लेकर अपनी खुशी व्यक्त की। पूरे आयोजन के दौरान प्रदर्शनी स्थल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा और बड़ी संख्या में आगंतुक यहां पहुंचे।
आगंतुकों ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हुई। प्रदर्शनी ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शासन की उपलब्धियों से भी अवगत कराया।
समापन अवसर पर अधिकारियों ने प्रदर्शनी की सफलता के लिए नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

