कमीशन के लालच में बने साइबर ठगों के मददगार: म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़, बैंक कर्मचारी समेत 5 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा,साइबर थाना जांजगीर-चांपा पुलिस ने देशभर में ऑनलाइन ठगी करने वाले म्यूल अकाउंट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बैंक कर्मचारी भी शामिल है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 10 से 15 हजार रुपये कमीशन के लालच में अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम जमा करने और उसे आगे ट्रांसफर करने में किया जाता था, जिससे असली अपराधियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था।

समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने कर्नाटक और महाराष्ट्र में दर्ज तीन साइबर ठगी के मामलों का खुलासा किया। इन मामलों में कुल 1,62,149 रुपये की धोखाधड़ी की रकम आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य कमीशन के बदले लोगों के नाम से बैंक खाते खुलवाते थे और उन्हें साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोग भी जांच के दायरे में हैं और जल्द ही अन्य गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड या इंटरनेट बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी को न दें। म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराना भी कानूनन अपराध है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है, ताकि ठगी गई राशि को समय रहते रोका या वापस दिलाया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post