"बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं" — पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर
जिला सक्ति
शक्ति। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शक्ति पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर यातायात शाखा को स्कूल परिवहन व्यवस्था की सघन जांच करने तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया अथवा अन्य वाहन चलाकर स्कूल आने-जाने पर भी प्रभावी रोक लगाने के आदेश दिए गए हैं।
इन्हीं निर्देशों के पालन में यातायात पुलिस लगातार स्कूलों का निरीक्षण कर रही है। स्कूल संचालकों, वाहन चालकों एवं अभिभावकों को यातायात नियमों और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं स्कूल वाहनों की वैधानिक स्थिति की भी गहन जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी वाय.एन. शर्मा ने उपनिरीक्षक लक्ष्मण महानदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम को डभरा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में जांच के लिए रवाना किया। अभियान के दौरान कृष्णा पब्लिक स्कूल, डभरा के स्कूल वाहनों का निरीक्षण किया गया।
जांच में सामने आया कि स्कूल के 9 परिवहन वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, परमिट सहित कई आवश्यक दस्तावेज समय पर नवीनीकृत नहीं कराए गए थे। नियमों के उल्लंघन पर सभी वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ₹21,000 का चालान किया गया।
यातायात पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को तीन दिन की अंतिम मोहलत देते हुए सभी दस्तावेज तत्काल अद्यतन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि तय समय-सीमा के बाद भी लापरवाही मिलने पर संबंधित वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी वाय.एन. शर्मा ने जिले के सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल परिवहन के प्रत्येक वाहन के आवश्यक दस्तावेज समय पर नवीनीकृत कराएं और सभी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

