भवरेली में विद्यार्थियों के बीच बैठकर पढ़ाया गणित, सोठी में शिक्षकों की बैठक लेकर शैक्षणिक गुणवत्ता पर दिया जोर
बम्हनीडीह। विकासखंड के विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बसंत चतुर्वेदी ने शासकीय हाई स्कूल भवरेली एवं शासकीय हाई स्कूल सोठी का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ बीआरसी हिरेंद्र बेहार तथा संकुल समन्वयक उमेश तेम्बुलकर भी मौजूद रहे।
भवरेली हाई स्कूल में निरीक्षण के दौरान बीईओ ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर गणित की कक्षा ली और छात्रों से प्रश्न पूछकर उनकी विषयगत समझ का मूल्यांकन किया। विद्यार्थियों की सीखने की उत्सुकता और सहभागिता से संतुष्ट होकर उन्होंने उनकी सराहना की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के अभिलेख, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के संचालन की भी समीक्षा की गई। प्राचार्य राजकुमार झलरिया ने सभी योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन का भरोसा दिलाया।
इसके बाद अधिकारियों ने शासकीय हाई स्कूल सोठी का निरीक्षण कर प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं हाई स्कूल के शिक्षकों की संयुक्त बैठक ली। बैठक में नियमित अध्ययन-अध्यापन, समय पर विद्यालय संचालन, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार तथा बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बीईओ बसंत चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
Tags
जिला जांजगीर चांपा