बिलासपुर/रतनपुर।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रैनपुर कर्रा स्थित अनमोल ढाबा में दबिश दी। पुलिस ने मौके से कुल 150 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये है, बरामद की। शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल CG-12-AG-2845 को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से ग्राम रैनपुर कर्रा स्थित अनमोल ढाबा में बिक्री के लिए अवैध शराब पहुंचाने जा रहा है। सूचना पर रतनपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और निर्देश प्राप्त कर ढाबे में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अतुल सोनी (30 वर्ष), निवासी बुढ़ामहादेव रतनपुर, कुनाल साहू (25 वर्ष), निवासी कसेरपारा रतनपुर तथा शिवशंकर गोंड (39 वर्ष), निवासी भेलवाटिकरी, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से 150 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमत 30,000 रुपये तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर नशे के कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश कुमार पांण्डेय, प्र.आर. कौशलराम खुटे, आरक्षक धीरज कश्यप, पवन ठाकुर एवं आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।
बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
- 150 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
- शराब की कीमत करीब 30 हजार रुपये
- शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त
- अनमोल ढाबा संचालक व कर्मचारी सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
- सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
