बिर्रा -सावन के पावन माह के उपलक्ष्य में केशरवानी महिला समिति बिर्रा द्वारा सिंह मंगल भवन में सावन उत्सव का भव्य आयोजन बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम समाज के आराध्य देव भगवान कश्यप मुनि जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। इसके पश्चात महिलाओं ने सावन के मधुर भजनों और लोकगीतों पर भजन-कीर्तन किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सावन उत्सव के इस विशेष अवसर पर सभी महिलाओं ने हरे रंग की एक समान साड़ियों में सोलह श्रृंगार कर कार्यक्रम में भाग लिया। हरे रंग को सावन, खुशहाली और सुहाग का प्रतीक माना जाता है। सभी महिलाओं के एक जैसे परिधान में आने से कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ गई।
पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेलों जैसे - म्यूजिकल चेयर, रैंप वॉक, पहेली प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खूब आनंद लिया। खेलों के बाद सावन के झूलों का भी आयोजन किया गया, जिसका सभी महिलाओं ने लुत्फ उठाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सावन सुंदरी प्रतियोगिता रही। निष्पक्ष रूप से चिट (लकी ड्रा) प्रणाली के माध्यम से सावन सुंदरी का चयन किया गया। जिसमें श्रीमती रीता गुप्ता जी को सावन सुंदरी के खिताब से सम्मानित किया गया। हरियाली क्वीन में रूचि गुप्ता,शिव शक्ति क्वीन में दिव्या केशरवानी,कजरी क्वीन में करुणा गुप्ता,झूला क्वीन में श्रुति केशरवानी, गेम विनर में ममता केशरवानी भजन गायन में निधि केशरवानी एवं मोनिका केशरवानी,नृत्य में जिज्ञासा केशरवानी विजयी रहीं। सभी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। अंत में समिति की अध्यक्ष रुचि गुप्ता एवं सचिव दिव्य केशरवानी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी बहनों को धन्यवाद दिया गया।

