बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र में दर्ज गंभीर मामले में घटना दिनांक से फरार चल रहे आरोपी को हिर्री पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर करते हुए उसे 23 अगस्त की शाम गिरफ्तार किया।
मामला अपराध क्रमांक 223/2026, धारा 74, 351(3) बीएनएस से संबंधित है। घटना 3 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2 बजे कोपरा डेम के पास, थाना हिर्री क्षेत्र में हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के लिखित आवेदन पर थाना सकरी में प्रारंभिक अपराध दर्ज किया गया था। बाद में बिना नंबरी डायरी प्राप्त होने पर थाना हिर्री में अपराध क्रमांक 223/2026 कायम कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए गए। थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस टीम ने मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर आरोपी आशीष पात्रे (27 वर्ष), पिता धरम लाल पात्रे, निवासी पचबहरा (छिरहापारा), थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर को 23 अगस्त 2026 को शाम करीब 7:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश को लेकर चल रही कार्रवाई को सफलता मिली है।
