IPS विजय कुमार पाण्डेय IPS की सख्त कार्रवाई, फरार आरोपी के खिलाफ धारा 262 BNS के तहत अपराध दर्ज
जांजगीर-चांपा। थाना मुलमुला में अवैध शराब बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद पुलिस विभाग ने सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही को गंभीरता से लिया है। SP श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध कर दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना मुलमुला पुलिस ने फणेन्द्र सिंह उम्र 33 वर्ष, निवासी अमोरा, थाना मुलमुला के विरुद्ध अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। आरोपी को थाना मुलमुला में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया था, जिसकी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया की थी।
इसी दौरान 22 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 03:00 बजे से 06:00 बजे के बीच आरोपी थाना अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार मुलजिम सुरक्षा ड्यूटी के दौरान अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया के विरुद्ध विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई की गई है। SP विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध किया है।
वहीं, थाना मुलमुला पुलिस ने फरार आरोपी फणेन्द्र सिंह के विरुद्ध धारा 262 BNS के तहत मामला दर्ज कर उसकी पतासाजी तेज कर दी है। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर तलाश एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था में चूक पाए जाने पर जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
