29 सितंबर से 8 अक्टूबर तक स्कूलों में होंगे बड़े आयोजन, 10 हजार विद्यार्थियों के साझा पठन से लेकर डिजिटल साक्षरता, चित्रकला, भाषण और नुक्कड़ नाटक तक की होगी धूम


बम्हनीडीह में गूंजेगा सेवा, शिक्षा और संकल्प का संदेश




बम्हनीडीह। सेवा को संस्कार और शिक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बम्हनीडीह विकासखंड में 29 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न विद्यालयों एवं विकासखंड स्तर पर व्यापक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। अभियान में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं समुदाय भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचेगी शिक्षा की रोशनी

29 सितंबर को विकासखंड के समस्त स्कूलों में विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग कार्यक्रम के तहत बुक ट्री एवं स्कूल किट वितरण किया जाएगा। जरूरतमंद एवं वंचित विद्यार्थियों को किताब, बैग, स्टेशनरी सहित पढ़ाई की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आर्थिक या संसाधनों की कमी उनकी शिक्षा में बाधा न बने। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों से सहयोग की अपील की जाएगी।

10 हजार विद्यार्थियों के साझा पठन के बाद फिर बनेगा नया रिकॉर्ड

अभियान के तहत रीडिंग सर्कल विशेष आकर्षण रहेगा। विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए सामूहिक पठन-पाठन कराया जाएगा। बम्हनीडीह में पहले ही 10 हजार विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक साथ साझा पठन कर शिक्षा के क्षेत्र में सहभागिता का संदेश दिया था। इसी क्रम में 29 सितंबर को दोपहर 3 से 4 बजे तक साझा पठन कराया जाएगा।

डिजिटल शिक्षा से वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचेगी तकनीक

डिजिटल स्टोरीटेलिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम आयोजित कर इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन भुगतान तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सभी स्कूलों में मायभारत पहल के अंतर्गत ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।

1 अक्टूबर को होगा विकासखंड स्तरीय चित्रकला और भाषण मुकाबला

“मेरे सपनों का भारत” राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता के अंतर्गत 1 अक्टूबर को BRC कार्यालय बम्हनीडीह में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें स्कूल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे।


प्रतियोगिता के विषयों में स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत शामिल रहेंगे। विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, राष्ट्रभावना और भविष्य के भारत की सोच को मंच प्रदान किया जाएगा।

नाटक और नुक्कड़ नाटक से बताएंगे जनकल्याणकारी योजनाओं की कहानी

“नमो सेवा—अनकही कहानियां” के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज में आए बदलावों पर आधारित नाट्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे।

6 अक्टूबर को कार्यक्रम

1. स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम बी.डी. महंत विद्यालय, सारागांव

2. शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, बरपाली चांपा

में आयोजित होगा।

वहीं 8 अक्टूबर को शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक, ग्राम पंचायत पोड़ीशंकर में भी नमो सेवा—अनकही कहानियां के तहत नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

ज्ञान प्रोत्साहन और आधार अपडेशन शिविर भी

8 अक्टूबर को ज्ञान प्रोत्साहन योजना एवं स्कूलों में आधार अपडेशन शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक दस्तावेजों के अद्यतन में सुविधा मिल सके।

शिक्षा के साथ सेवा और समाज को जोड़ने की पहल

सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए बीईओ बसंत चतुर्वेदी, एबीईओ रत्ना थवाईत, बीआरसीसी हिरेंद्र बेहार एवं ब्लॉक समन्वयक साक्षर भारत कार्यक्रम डॉ. उमेश दुबे के मार्गदर्शन में कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है।

अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि शिक्षा, सेवा, डिजिटल जागरूकता, पठन संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को विद्यालयों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना है। बम्हनीडीह विकासखंड में आयोजित होने वाली गतिविधियां विद्यार्थियों के साथ पूरे समुदाय को सेवा और संकल्प की भावना से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post