*जशपुर :– सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं पत्रकार अमित कुमार पाण्डेय ने पुलिस महानिरीक्षक अंबिकापुर (सरगुजा रेंज) को आवेदन देकर अपनी जान को खतरे में बताते हुए सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा धमकियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।*

 


जशपुर :– सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं पत्रकार अमित कुमार पाण्डेय ने पुलिस महानिरीक्षक अंबिकापुर (सरगुजा रेंज) को आवेदन देकर अपनी जान को खतरे में बताते हुए सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा धमकियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

आवेदन में पाण्डेय ने कहा है कि वे जनहित एवं आदिवासी हितों के मुद्दों पर काम करते हैं तथा भ्रष्टाचार, भू-माफिया, ड्रग तस्करी और संगठित अपराधियों के खिलाफ आवाज उठाते हैं। इसी कारण संगठित अपराधियों के गिरोह ने उनकी हत्या के उद्देश्य से पीछा किया। जब वे जान बचाकर पत्थलगांव थाने पहुंचे तो अपराधियों के गिरोह ने थाने के अंदर घुसकर उन पर हमला किया। इसकी लिखित शिकायत दी जा चुकी है, जिस पर जांच चल रही है। पहले भी उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज को आवेदन के माध्यम से जानकारी दी थी कि उनके ऊपर हमला करने की तैयारी कुछ अपराधी तत्वों द्वारा की जा रही है।

पाण्डेय के अनुसार वर्तमान में उनकी शिकायत पर जांच चल रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर भाजपा के प्रदेश स्तरीय एवं अन्य कार्यकर्ताओं तथा अपराधियों के समर्थकों द्वारा लगातार धमकी भरे पोस्ट एवं कमेंट किए जा रहे हैं। विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्थलगांव एसडीओपी धुवेश जायसवाल, बागिया सीएम हाउस कैंप कार्यालय प्रभारी आकाश गुप्ता, जशपुर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता सुनील गुप्ता सहित उस अपराधी गिरोह (जिसने पूर्व में थाने में घुसकर हमला किया था) द्वारा उनकी हत्या कराने, दुर्घटना कराकर मार देने अथवा झूठे गंभीर मुकदमों में फंसाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।

आवेदन में आगे कहा गया है कि ऐसी स्थिति में यदि किसी भी प्रकार से उनकी हत्या हो जाती है, किसी दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है अथवा उनके ऊपर कोई झूठा/मनगढ़ंत मुकदमा दर्ज किया जाता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पत्थलगांव एसडीओपी धुवेश जायसवाल, बागिया कैंप कार्यालय प्रभारी आकाश गुप्ता, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता तथा पत्थलगांव के उस संगठित अपराधी गिरोह की होगी।

जनता का उन पर विश्वास होने के कारण जशपुर क्षेत्र से लोग लगातार फोन कर अपनी परेशानियों एवं शोषण की जानकारी दे रहे हैं, जिसके कवरेज हेतु उन्हें पत्थलगांव, जशपुर, कुन्कुरी सहित अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है। उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। संगठित अपराधियों के गिरोह में अधिकांश लोग भाजपा कार्यकर्ता हैं तथा आकाश गुप्ता के संरक्षित बताए जाते हैं। इन अपराधी तत्वों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एसडीओपी धुवेश जायसवाल की मिलीभगत होने के कारण उनकी जान पर गहरा संकट बना हुआ है तथा अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है, जो उनके लिए अत्यंत खतरनाक एवं चिंताजनक है। शुभचिंतकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इन लोगों ने कुछ पत्रकारों को भी उनके खिलाफ बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया है ताकि मामला आपसी प्रतिस्पर्धा का प्रतीत हो।

पाण्डेय ने यह भी उल्लेख किया है कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर धमकी देने और अनावश्यक पोस्ट एवं कमेंट करने वालों को लगातार मुख्यमंत्री जी द्वारा स्वेच्छानुदान दिया जाना मामले को और अधिक गंभीर बनाता है। चिंताजनक बात यह है कि अगर आवेदक को गाली देने, बदतमीजी करने, धमकी देने और मारपीट की अपील करने के लिए लाखों का स्वेच्छानुदान बांटा जा रहा है तो आवेदक की हत्या कराने, दुर्घटना में मारने और झूठे मुकदमे में फंसाए जाने के लिए कितना बड़ा बजट और कितना खतरनाक षड्यंत्र रचा जा रहा होगा, सहज इसका अनुमान लगाया जा सकता है।





Post a Comment

Previous Post Next Post