पत्थलगांव। गुजरात प्रवास के दौरान गुजरात सह-प्रभारी एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने नर्मदा जिले के एकता नगर (केवड़िया) स्थित विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा ‘स्टेच्यू ऑफ यूनिटी’ के दर्शन किए। उन्होंने लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की भव्य प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण नमन किया।
इस अवसर पर गोमती साय ने कहा कि 182 मीटर ऊँची स्टेच्यू ऑफ यूनिटी केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का जीवंत प्रतीक है। सरदार पटेल जी का अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति उनका अतुलनीय योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत की सैकड़ों रियासतों के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल जी की ऐतिहासिक भूमिका राष्ट्र के इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति ने भारत को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी को सदैव जनसेवा और राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
