जगदलपुर में 12वीं हिंदी बोर्ड परीक्षा के लिए हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था, 91 केंद्रों पर कड़ी निगरानी


सह संपादक सुखदेव आजाद 

जिला बस्तर

जगदलपुर। 12वीं हिंदी बोर्ड परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने इस बार सख्त और हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। परीक्षा को पूरी तरह नकल मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

जानकारी के अनुसार, जिले में इस वर्ष कुल 91 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, वहीं सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।

प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष कदम उठाए हैं। सभी प्रश्न पत्रों को जिले के 14 थानों में सुरक्षित रखा गया है, जहां 24 घंटे पुलिस की निगरानी में इन्हें रखा गया है। इससे पेपर लीक जैसी संभावनाओं को पूरी तरह खत्म करने का प्रयास किया गया है।

इस बार परीक्षा में वन टाइम लॉक सिस्टम भी लागू किया गया है। इस तकनीक के तहत प्रश्न पत्र के पैकेट केवल एक बार और निर्धारित समय पर ही खोले जा सकेंगे। यानी परीक्षा से पहले पेपर खोलना संभव नहीं होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रश्न पत्र सीधे परीक्षा के दिन ही खोले जाएंगे। इसके साथ ही, नकल पर रोक लगाने के लिए उड़नदस्ते भी लगातार सक्रिय रहेंगे और अचानक निरीक्षण करेंगे।



जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल मुक्त हो, ताकि विद्यार्थियों को उनकी मेहनत का सही परिणाम मिल सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post