सड़क सुरक्षा को लेकर पत्थलगांव में जनसैलाब, बाइक रैली में दिखी जागरूकता की मिसाल



पत्थलगांव:-पत्थलगांव शहर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान सैकड़ों महिला-पुरुषों ने हेलमेट पहनकर शहर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकालते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

रैली शहर के तीनों प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मैरिज गार्डन पहुंचकर समाप्त हुई, जहां नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सुदर्शन सिंह ने उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने एवं हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि “सर सलामत रहे तो जीवन है, इसलिए हेलमेट केवल दिखावे के लिए नहीं बल्कि सही तरीके से बांधकर पहनें।” उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में जशपुर जिले में 79 लोग तथा वर्ष 2026 में अब तक 82 लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। वहीं इस वर्ष मात्र साढ़े तीन महीने में 29 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो चुकी है, जिनमें कई मामलों में नशे में वाहन चलाना प्रमुख कारण रहा है।
कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक के.आर. चौहान, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खोमराज ठाकुर, जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज, एसडीएम रितु राज सिंह बिसेन, तहसीलदार जयश्री राजन, भीष्म पटेल, जनपद सीईओ हरजीत सिंह भाटिया, एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, टीआई विनीत पांडे, टीआई अशोक शर्मा सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
डीआईजी एवं एसएसपी ने इस दौरान राजवीर योजना की जानकारी देते हुए सभी नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा के प्रति एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post